सीएम धामी समेत भाजपा के सांसद, मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
देहरादून, उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल किया। 25 नवंबर को रिक्त हो रही राज्यसभा सीट के लिए नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के कई सांसद, कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में दिनेश आर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता पर भी भरोसा जताकर उसे बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
आर्य ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह आभारी हैं। वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
दिनेश आर्य के नामांकन के दौरान विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। राज्यसभा की इस सीट के लिए नामांकन के साथ ही प्रदेश में चुनावी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।
