अल्मोड़ा

मानसखण्ड विज्ञान केंद्र पहुँचे पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, की सराहना

महाराष्ट्र और गोवा के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भगत सिंह कोश्यारी ने मंगलवार को मानसखण्ड विज्ञान केंद्र, अल्मोड़ा का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने विज्ञान केंद्र की विविध गैलरियों और विज्ञान पार्क का अवलोकन किया तथा वहां प्रदर्शित वैज्ञानिक मॉडलों, तकनीकी प्रयोगों और शैक्षिक गतिविधियों को बारीकी से देखा और उनकी प्रशंसा की।
अपने भ्रमण के दौरान श्री कोश्यारी ने कहा कि मानसखण्ड विज्ञान केंद्र विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने इसे “जनता और विज्ञान के बीच सेतु” बताते हुए कहा कि यह केंद्र वैज्ञानिक सोच को समाज की मुख्यधारा में लाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि विज्ञान केंद्र बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रयोगशीलता को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। यह न केवल एक शैक्षिक संस्थान है, बल्कि एक ऐसा मंच भी है जो भविष्य की पीढ़ियों के लिए ज्ञान का भंडार बन सकता है।
भ्रमण के दौरान केंद्र प्रभारी डॉ. नवीन चन्द्र जोशी ने विज्ञान केंद्र की स्थापना, उद्देश्यों, संचालित गतिविधियों और भावी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह केंद्र किस प्रकार विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम जनता में विज्ञान के प्रति रुचि व जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यरत है।
इस अवसर पर श्री कोश्यारी ने वीडियो कॉल के माध्यम से यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत को भी विज्ञान केंद्र की प्रगति पर बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में श्री कोश्यारी ने विज्ञान केंद्र की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों और वैज्ञानिकों को शुभकामनाएँ दीं और विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह केंद्र और अधिक प्रगति करेगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।
विज्ञान केंद्र के भ्रमण के दौरान श्री कोश्यारी ने विज्ञान पार्क में एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस दौरान एमेरिटस साइंटिस्ट डॉ. शेर सिंह सामंत, डॉ. जी.सी.एस. नेगी सहित विज्ञान केंद्र के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles