देहरादून

स्वदेशी महोत्सव में महिला सम्मेलन का उद्घाटन महिला उद्यमियों को किया सम्मानित

परेड ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी महोत्सव उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी के अंतर्गत बुधवार को महिला सम्मेलन का उद्घाटन महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की महिला उद्यमियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया।
स्मृति विकास संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि महिलाएं हमारे स्वदेशी अभियान का आधार हैं, क्योंकि उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पाद देश-विदेश में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा, हमें स्वदेशी के भाव को अपने रोजमर्रा के आचरण और जीवन में शामिल करना होगा तभी देश में स्वदेशी आंदोलन को मजबूती मिलेगी।
मंत्री ने आगे कहा कि अगर भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो इसमें स्वदेशी उत्पादों और कौशल की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि एक समय में स्वदेशी आंदोलन ने देश को आजादी दिलाने में मदद की थी, और अब इसका उद्देश्य आजादी को और मजबूत और सुरक्षित बनाना है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक सुरेंद्र सिंह, संस्कृति विभाग से मधु भट्ट, बीएस नेगी महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्य नमिता मंमगाई, उत्तरांचल महिला संगठन अध्यक्ष साधना शर्मा, नीति कांडपाल, सुविधा स्टोर से अमिता और विभिन्न स्कूलों की छात्राएं भी मौजूद रहीं।

Show More

Related Articles