
देहरादून : दून पुलिस ने रोड रेज की घटना में युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई।
मामला 5 मई 2026 का है, जब यश मित्तल निवासी अविरल अपार्टमेंट, कैनाल रोड किशनपुर ने दून स्कूल के पास कुछ लोगों द्वारा वाहन रोककर मारपीट करने की शिकायत कैंट पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। शिकायत में पैसे और चेन छीनने का आरोप भी लगाया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त फ्रान्क्स वाहन को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह मामला रोड रेज से जुड़ा था। वहीं शुरुआती विवेचना और सीसीटीवी फुटेज में पैसे या चेन लूटने जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



