SIR अभियान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, डीएम ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएं, जबकि मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं के नाम पूरी सावधानी से हटाए जाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को व्यापक प्रशिक्षण देने तथा प्रशिक्षण के दौरान उनकी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पटवारियों के माध्यम से भी सत्यापन कराने को कहा गया है। डीएम ने राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति को जरूरी बताते हुए सभी ईआरओ को जल्द बैठक कर नियुक्तियां सुनिश्चित करने को कहा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि 7 जून तक गणना प्रपत्रों की छपाई और कार्मिकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रथम ड्राफ्ट प्रकाशित होगा, जबकि 15 सितंबर को अंतिम सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के तहत अब तक 80.38 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं 47,923 मतदाता अनुपस्थित, 1,45,797 स्थानांतरित और 33,008 मतदाता मृत पाए गए हैं।
जनपद में कुल 1882 मतदेय स्थल हैं। इनमें भाजपा ने 1836, कांग्रेस ने 1443 और सीपीआई ने 378 बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। नागरिक निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म और टोल फ्री नंबर 1950 के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


