ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से हुआ अभिनंदन, महेंद्र भट्ट बोले- 2027 में तीरथ सिंह रावत के अनुभव से पार्टी को मिलेगा लाभ
तीरथ सिंह रावत का भाजपा महानगर कार्यालय में भव्य स्वागत

देहरादून, भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा महानगर कार्यालय में बुधवार को भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने तीरथ सिंह रावत को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि तीरथ सिंह रावत का संगठन के प्रति समर्पण, सरल एवं सहज व्यक्तित्व तथा लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव पार्टी के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
उन्होंने कहा कि तीरथ सिंह रावत के अनुभव और कार्यशैली का लाभ संगठन को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उनके अनुभव और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी।
स्वागत से अभिभूत तीरथ सिंह रावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ता समान हैं। किसी कार्यकर्ता के पास मंडल का दायित्व है तो किसी के पास केंद्रीय स्तर की जिम्मेदारी, लेकिन सभी का उद्देश्य राष्ट्र और संगठन की सेवा करना है।
तीरथ सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दिशा-निर्देशन में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद तीरथ सिंह रावत ने महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद शहीद स्मारक पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
इस दौरान तीरथ सिंह रावत ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र प्रथम के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को राष्ट्र को सर्वोपरि मानकर संगठन के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से संगठन को मजबूत करते हुए भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में योगदान देना है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने तीरथ सिंह रावत को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के नेता को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल और दीप्ति रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी तीरथ सिंह रावत को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया।
कार्यक्रम में दर्जाधारी मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला, विनोद उनियाल, कुलदीप बुटोला, भगवत प्रसाद मकवाना, महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों, संध्या थापा, संकेत नौटियाल, राजेश कंबोज, सुनील शर्मा, ओम कक्कड़, महानगर महामंत्री बिजेंद्र थपलियाल और संदीप मुखर्जी, महानगर मंत्री मोहित शर्मा, जगदीश सेमवाल, समीर डोभाल, विनोद शर्मा, प्रदीप कुमार, मोतीराम, विपिन खंडूरी, संदीप बिजलवान, महिपाल और श्रेय नौटियाल समेत सभी मंडल अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



