देहरादून

वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर दून पुलिस अलर्ट, सीमाओं पर सघन चेकिंग

डोईवाला और कैंट क्षेत्र में अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च

देहरादून। आगामी 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए दून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाश के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने जनपद की सीमाओं के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी है।

 

सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों अथवा व्यक्तियों के संबंध में पुलिस द्वारा पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई भी की जा रही है।

 

अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च

वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस ने डोईवाला और कैंट क्षेत्र में अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ आमजन को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

 

पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीवीआईपी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

दून पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

 

Show More

Related Articles