देहरादून

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, कांग्रेस कंट्रोल रूम ने संभाली कमान

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के 4 और 5 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे के सफल संचालन और समन्वय के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजपुर रोड स्थित कार्यालय में विशेष कंट्रोल रूम ने विधिवत कार्य शुरू कर दिया है।
प्रदेश महामंत्री एवं कंट्रोल रूम प्रभारी नवीन जोशी के नेतृत्व में रविवार को कंट्रोल रूम की गतिविधियों की शुरुआत हुई। इस दौरान राज्यभर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, जिला एवं महानगर अध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों तथा संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
नवीन जोशी ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों की निगरानी, समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान का कार्य किया जा रहा है, ताकि दौरे से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राहुल गांधी के दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ जुटें। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि कार्यक्रम से जुड़ी हर जानकारी समयबद्ध तरीके से कार्यकर्ताओं तक पहुंचे और सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित हों।
कंट्रोल रूम की बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, मनीष नागपाल, अखिलेश उनियाल, सुलेमान अली, जितेंद्र बिष्ट और प्रीतम सिंह आर्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने का संकल्प लिया।
प्रदेश कांग्रेस के अनुसार कंट्रोल रूम के माध्यम से राहुल गांधी के दौरे से संबंधित कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक सूचनाओं का लगातार समन्वय किया जाएगा, जिससे प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

Show More

Related Articles