देहरादून

अलर्ट: मुख्य सचिव ने मानसून की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में आगामी मानसून सीजन को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागों और जनपदों की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। उन्होंने सभी विभागों को मानसून पूर्व तैयारियां समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि आगामी कुछ महीने बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं, क्योंकि राज्य में मानसून के साथ-साथ चारधाम यात्रा भी जारी है। उन्होंने सभी रेखीय विभागों को 24×7 अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत पूरी कर ली जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव ने बिजली और पेयजल विभाग को विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और पेयजल लाइनों की मरम्मत एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान बिजली और जलापूर्ति लंबे समय तक बाधित न होने पाए।
शहरी विकास विभाग, नगर निकायों और जिलाधिकारियों को नालों और नालियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में जलभराव नहीं होना चाहिए। साथ ही नदी-नालों के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा बनने वाले अतिक्रमण और अवरोध हटाने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने राज्य के संवेदनशील नदी तटीय क्षेत्रों को देखते हुए नदियों के चैनलाइजेशन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नदी मार्ग में जमा आरबीएम हटाने के निर्देश दिए ताकि नदियों का प्राकृतिक प्रवाह बना रहे और कटाव से आबादी व आधारभूत संरचनाओं को नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सरकार संसाधनों की कमी नहीं होने देगी। संवेदनशील स्थानों पर सड़क खोलने के लिए जेसीबी मशीनों की अग्रिम तैनाती और बैली ब्रिज का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में नाव और बोट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
बैठक में विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है तथा मानसून अवधि के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।

Show More

Related Articles