
देहरादून/बागेश्वर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने बागेश्वर दौरे के दूसरे दिन कपकोट स्थित केदारेश्वर मैदान में आयोजित जनसभा में हिस्सा लिया। उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और बड़ी संख्या में उपस्थित जनता ने उत्साहपूर्वक उनका अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री ने कुल 108 करोड़ रुपये की 42 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें लगभग 62 करोड़ की 24 योजनाओं का लोकार्पण और 45.95 करोड़ की 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भारी उपस्थिति यह दर्शाती है कि राज्य सरकार विकास के सही मार्ग पर कार्य कर रही है। उन्होंने गरीब वर्ग, महिलाओं और युवाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘मानस खंड माला’ परियोजना के तहत धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की प्रगति की जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शीतकालीन पर्यटन की नई पहल से प्रदेश में वर्षभर पर्यटन गतिविधियाँ बढ़ेंगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्यरत है और वन डिस्ट्रिक्ट–टू प्रोडक्ट योजना के तहत बागेश्वर की पारंपरिक ताम्र शिल्प को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। साथ ही सरयू और गोमती नदियों के संरक्षण और बागेश्वर रेल लाइन सर्वेक्षण की जानकारी भी साझा की। उन्होंने गरुड़ अस्पताल के उन्नयन का ऐलान कर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वायत सहकारिता और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए। इसमें संकल्प स्वायत सहकारिता समूह सीएलएफ (हर्षिला) को 3 करोड़ 23 लाख रुपये, ऊर्जा स्वायत सहकारिता सीएलएफ को 22 लाख 50 हजार रुपये, एनआरएलएम की संवाद महिला स्वयं सहायता समूह और जय गोलू देवता स्वयं सहायता समूह को 5-5 लाख रुपये प्रदान किए गए।



