भारी बारिश के चलते देहरादून-मसूरी मार्ग बंद, पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। अतिवृष्टि के कारण पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर सभी प्रकार की आवाजाही अगले आदेश तक प्रतिबंधित कर दी है।
उप जिलाधिकारी मसूरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारी बारिश के चलते सड़क को नुकसान पहुंचा है। किसी भी अप्रिय घटना और जनहानि की आशंका को देखते हुए वाहनों के साथ-साथ आम नागरिकों की आवाजाही पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने पुलिस विभाग को यातायात प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने और जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगले आदेश तक देहरादून-मसूरी मार्ग पर यात्रा से बचें, आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और जिला प्रशासन एवं मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



