मुख्यमंत्री धामी ने साहित्यकार एस.आर. हरनोट को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान’ समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार एस.आर. हरनोट को नरेन्द्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र सिंह नेगी ने उत्तराखंड के हर व्यक्ति के दिल को छुआ है। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से प्रदेश की आत्मा को स्वर दिया और लोक जीवन की पीड़ा, प्रेम, संघर्ष एवं सौंदर्य को जीवंत किया। नेगी जी ने पलायन, पर्यावरण और पहाड़ी महिलाओं के संघर्ष जैसे विषयों पर भी मार्मिक गीत रचे, जिससे राज्य की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा मिली।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में जागर, बेड़ा, मांगल, खुदेड़ जैसे अनेक पारंपरिक गीत हमारी भावनाओं का आईना हैं, जिनमें ढोल, दमाऊ, हुरका, मशाक, तुर्री, भंकोरा और हारमोनियम जैसे वाद्ययंत्रों की भूमिका अहम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार लोक कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय है। कोरोना काल में लगभग 3,200 लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता दी गई और 60 वर्ष से अधिक आयु के अस्वस्थ कलाकारों को पेंशन प्रदान की जा रही है। साथ ही छह महीने की लोक प्रशिक्षण कार्यशालाओं के जरिए युवा पीढ़ी को लोकसंस्कृति की महत्ता से अवगत कराया जा रहा है।
धामी ने बताया कि राज्य सरकार ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’, ‘साहित्य भूषण’ और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों का सम्मान करती है और स्थानीय भाषाओं के संरक्षण के लिए भी प्रयासरत है।
इस अवसर पर लोक कलाकार नरेन्द्र सिंह नेगी, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, एस.पी. सेमवाल, डॉ. नवीन बलूनी, डॉ. ईशान पुरोहित, अपर सचिव ललित मोहन रयाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।



