देहरादून

यूकेएसएसएससी पेपर लीक कांड पर भड़की कांग्रेस, सरकार का पुतला फूंका

गढ़वाल-कुमाऊं के हर जिले में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार व आयोग के खिलाफ नारेबाजी

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा कराई गई हालिया परीक्षा का पेपर लीक होने के विरोध में रविवार को कांग्रेस ने प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के आह्वान पर राजधानी देहरादून सहित गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा सरकार और आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका गया।

राजधानी में कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना और महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से जुलूस निकाला और क्वालिटी चौक पर सरकार का पुतला दहन किया।

इस दौरान धस्माना ने कहा कि सरकार की “पारदर्शी परीक्षा प्रणाली” के दावे एक बार फिर से बेनकाब हो गए हैं। आयोग के अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया का यह बयान कि “तीन पन्ने बाहर आए थे पर इसे पेपर लीक नहीं कह सकते”, अपने आप में सरकार की नाकामी का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं के भविष्य के साथ किया गया खुला मजाक है।

धस्माना ने कहा कि भाजपा के संरक्षण में पनप रहे माफिया तंत्र ने बेरोजगारों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। पेपर लीक कांड में नकल माफिया और भाजपा नेता हाकम सिंह की गिरफ्तारी से पहले ही संदेह गहराया था, जो परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल पेपर से यकीन में बदल गया।

महानगर अध्यक्ष डॉ. गोगी ने सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब आपदा काल में सरकार एक परीक्षा तक ठीक से नहीं करा पा रही है, तो जनता उससे और क्या उम्मीद कर सकती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे प्रकरण को हल्के में नहीं लेगी और प्रदेशभर में युवाओं को संगठित कर राज्यव्यापी आंदोलन चलाएगी, जिसकी शुरुआत रविवार को हो चुकी है।

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे जिनमें प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, मनीष नागपाल, राजेन्द्र शाह, प्रदेश प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, प्रतिमा सिंह, सावित्री थापा, इल्लायास अंसारी, मुकेश सोनकर, ललित बद्री, राजेश पंढीर, इकराम, अशोक कुमार, पुनीत चौधरी, वीरेंद्र पंवार, सूरज छेत्री, हेमंत उप्रेती, राजेश उनियाल, आनंद सिंह पुंडीर समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Show More

Related Articles