राज्यपाल ने किया कन्याओं का पूजन,अष्टमी पर राजभवन में हुआ विशेष आयोजन
नारी सम्मान को बताया संस्कृति की पहचान

शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर मंगलवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राजभवन परिसर में पूरे विधि-विधान के साथ देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। इस दौरान राज्यपाल की धर्मपत्नी सहित परिवारजन भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि नवरात्रि भारतीय संस्कृति की परंपराओं और जीवन मूल्यों का प्रतीक है। कन्याओं का पूजन हमें यह स्मरण कराता है कि नारी शक्ति का सम्मान और आदर हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम इस पर्व से प्रेरणा लेकर समाज में नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को और अधिक मजबूत करें। राज्यपाल ने सभी से आह्वान किया कि समाज में महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें समान अवसर प्रदान करने की दिशा में मिलकर कार्य करें।



