देहरादून

देहरादून में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, अफवाहों पर ध्यान न दें : जिला पूर्ति अधिकारी

167 पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सामान्य, प्रशासन कर रहा लगातार निगरानी

जनपद में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार देहरादून जनपद में विभिन्न तेल कंपनियों के कुल 167 पेट्रोल पंप संचालित हैं। इनमें Indian Oil Corporation के 72, Bharat Petroleum के 34, Hindustan Petroleum के 41, Nayara Energy के 10 तथा Reliance Industries के 10 पेट्रोल पंप शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि 29 मई 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद के पेट्रोल पंपों पर 2526 किलोलीटर पेट्रोल तथा 2074 किलोलीटर डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सभी पेट्रोल पंपों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त भंडार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

के.के. अग्रवाल ने कहा कि जनपद में कहीं भी पेट्रोल या डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना नहीं है। नियमित आपूर्ति जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि देहरादून में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है तथा सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।

Show More

Related Articles