देहरादून

पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग पर अड़ी कांग्रेस

3 अक्टूबर को सीएम आवास घेराव का ऐलान, युवाओं से लिए जाएंगे हस्ताक्षर

यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले में कांग्रेस ने आंदोलन को और तेज करते हुए आगामी 3 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर राज्यभर के युवा सड़कों पर हैं, लेकिन सरकार गंभीरता से कदम उठाने के बजाय केवल दिखावटी कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार अवकाशप्राप्त हाई कोर्ट जज से जांच करवाने की बात कर रही है, जिसे न तो बेरोजगार युवा स्वीकार करेंगे और न ही कांग्रेस। धस्माना ने कहा कि सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं को बचाने के प्रयास में उल्टे आंदोलन कर रहे युवाओं व कांग्रेस पर अनर्गल आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस युवाओं को नहीं भड़का रही, बल्कि उनकी जायज मांगों का समर्थन कर रही है। धस्माना ने कहा कि परेड ग्राउंड में लगे ‘आजादी’ के नारों को राष्ट्रविरोधी बताने वालों को इतिहास की जानकारी होनी चाहिए। आजादी के ये नारे भ्रष्टाचार, पेपर लीक और नकल माफियाओं से मुक्ति की मांग कर रहे हैं, जो पूरी तरह वैध है।

4 अक्टूबर से अग्निपथ योजना के खिलाफ रथ यात्रा

देहरादून। अग्निपथ योजना के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग 4 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी रथ यात्रा व हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगा। पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल (से.नि.) राम रतन सिंह नेगी ने बताया कि यह यात्रा तीन चरणों में गढ़वाल, कुमाऊं और तराई क्षेत्रों में निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य अग्निपथ योजना को बंद कर सेना में पूर्व की भांति नियमित भर्ती प्रक्रिया को बहाल करना है।
यात्रा का शुभारंभ देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय से होगा, जहां प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा हरी झंडी दिखाकर रथ यात्रा को रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान सम्मेलन, गोष्ठियां, पदयात्राएं व रैलियों के माध्यम से युवाओं को योजना के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाएगा और उनसे विरोध स्वरूप हस्ताक्षर लिए जाएंगे।
कर्नल नेगी ने बताया कि यह हस्ताक्षर युक्त मांगपत्र यात्रा समाप्ति के बाद पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि इस यात्रा को प्रदेश कांग्रेस और सभी संबंधित जिला कमेटियों का पूर्ण समर्थन मिलेगा। प्रेस वार्ता में कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के महामंत्री गोपाल गड़िया भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles