उत्तराखण्डदेहरादून

निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में उत्तराखंड अव्वल, पर्वतीय राज्यों में पहला और देशभर में 11वां स्थान

देहरादून। उत्तराखंड ने निवेश के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 47.5 अंकों के साथ 11वां स्थान हासिल कर राज्य ने “फ्रंट रनर” श्रेणी में अपनी जगह बनाई है।

नीति आयोग द्वारा जारी इस सूचकांक में राज्यों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया।

उत्तराखंड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में समग्र निवेश अनुकूलता और वित्तीय स्वास्थ्य में पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा व्यावसायिक वातावरण और संसाधनों के मामले में दूसरा तथा आधारभूत संरचना में तीसरा स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर औद्योगिक माहौल का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीति आयोग की यह रैंकिंग उत्तराखंड में निवेश, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Show More

Related Articles