जुलूस में उपद्रव, 3 पर नामजद व सैकड़ों अज्ञात पर मुकदमा
पुलिस पर हमला, पथराव और तोड़फोड़ के बाद काशीपुर में तैनात हुई पीएसी, वीडियो के जरिए हो रही उपद्रवियों की पहचान, सीएम धामी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

रविवार देर रात काशीपुर के अल्ली खां क्षेत्र में बिना अनुमति निकाले गए आई लव मोहम्मद जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी। पुलिस को नियंत्रण करने पहुंचने पर भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पथराव करते हुए सरकारी वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद जिला पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने काशीपुर में डेरा डाल लिया है, वहीं शहर में पीएसी तैनात कर दी गई है।
कोतवाली काशीपुर के एसएसआई अनिल जोशी की तहरीर पर पुलिस ने नदीम अख्तर, हनीफ गांधी, दानिश चौधरी समेत 400–500 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि 21 सितंबर की रात लगभग 9:40 बजे सूचना मिली थी कि अल्ली खां क्षेत्र में बिना अनुमति बड़ी संख्या में लोग “आई लव मोहम्मद” नामक जुलूस निकाल रहे हैं। पुलिस द्वारा जुलूस रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन भीड़ ने वाल्मीकि बस्ती की ओर बढ़ते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
भीड़ ने डायल 112 वाहन ( यूके 01 जीए -0336) और थाना वाहन (यूके 07 जीए -4524) के शीशे और बोनट तोड़ दिए, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौच की और वर्दी तक फाड़ दी। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 121(1), 132, 221, 352, 351(2), 324(3), 190 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी और सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस द्वारा घर-घर दबिश दी जा रही है और गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू हो चुका है। मामले की जांच टांडा चौकी प्रभारी एसआई सुनील सुतेड़ी को सौंपी गई है।
काशीपुर नगर निगम के मेयर दीपक बाली और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा मामले की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी गई। सीएम ने साफ कहा कि प्रदेश में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, नामजद आरोपियों द्वारा नैनीताल हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत लेने की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं।
शहर में माहौल को सामान्य बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस, पीएसी और खुफिया विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। स्थिति नियंत्रण में है लेकिन पुलिस पूरी सतर्कता के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।