पर्यटन मंत्री महाराज ने किया औचक निरीक्षण, लगाई फटकार कहा लापरवाही पाई तो मुझे लेना पड़ेगा एक्शन

देहरादून :चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को चुस्त दुरूस्त करने और श्री बदरीनाथ श्री केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुद्धवार को प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, पंचायत राज, ग्रामीण निर्माण, सिंचाई, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने देहरादून कैनाल रोड स्थित मंदिर समिति के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों को से कहा कि इस बार चारधाम यात्रा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। दो लाख से अधिक यात्री अभी तक अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। इसलिए हमें दिन-रात काम करना पड़ सकता है। उन्होने चेतावनी देते हुए कहा कि अपने से वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का शत प्रतिशत पालन करें। चारधाम यात्रा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जो भी अधिकारी-कर्मचारी आदेशों की अवहेलना करेगा उसके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जायेगी।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चारधाम यात्रा प्रारंभ होने वाली है। यह यात्रा हमारे राज्य के सम्मान और अस्मिता से जुड़ी है। इसलिए यात्रा को हर हाल में सफल बनाने का प्रयास करना है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो मुझे एक्शन लेना पड़ेगा।

महाराज ने कहा कि हमें लोगों की बातों को सुनना है, मोबाइल फोन उठना है और यदि किसी कारणवश हम फोन नहीं उठा सके तो वापस कॉल करना है। इसी प्रकार कुछ प्रमुख बातों को हमें ध्यान में रखना होगा ताकि हमारी यात्रा ठीक से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि मैं आगे भी इस प्रकार का औचक निरीक्षण करूंगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दाखिल की जाएगी।

इस दौरान श् बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी.डी. सिंह, सदस्य पुष्कर जोशी भी मौजूद थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More posts