
देहरादून ,
भाजपा प्रवक्ता हनी पाठक ने कांग्रेस के वचन पत्र को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि इसमें विजन का स्पष्ट अभाव है। हनी पाठक ने घोषणा पत्र को एन वक्त पर जनता के सामने लाने को लेकर तंज किया कि यह जनता के लिए नहीं बल्कि औपचारिकता के लिए लाया गया है।
हनी पाठक ने कहा कि घोषणा पत्र में कांग्रेस ने अपनी सरकारों की उपलब्धि का बखान किया है और निकायों मे विकास के लिए उसकी क्या सोच है यह बताने मे असफल रही है।
उन्होंने कहा कि यह घोषणा पत्र केवल घोषणा का पुलिंदा है और किस तरह योजना का क्रियान्वयन होना है, निकाय की आय बढ़ाने का कोई जिक्र नही किया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल, सीवर, ड्रैनेज को लेकर कांग्रेस ने कुछ भी नया नहीं है, जबकि ये सभी कार्य भाजपा सरकारों में स्मार्ट सिटी और अन्य योजनाओं से पूरे हो रहे हैं। प्रदेश में सबसे अधिक बाहर से लोगों को लाकर, अवैध रूप से व्यापार चलवाने में कांग्रेसी सबसे आगे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ किसी भी कार्यवाही मे कांग्रेस विरोध की राजनीति करती है। जहां तक वेंडर जोन की बात है तो भाजपा निकायों में इसको लेकर पहले ही शानदार कार्य कर रही है। मलिन बस्तियों को लेकर भी कांग्रेस ने अपने पत्र में झूठे वचन लिखे हैं। जबकि भाजपा ने ही दोनों बार अध्यादेश लाकर गरीब परिवारों की छतों को बचाने का काम किया है। इन बस्तियों के लोगों को भी भरोसा है कि हम ही इस समस्या का निराकरण करेंगे। कांग्रेसी घोषणा पत्र जितना खोखला है, उतना ही घोषणा पत्र लाने के पीछे उनकी गंभीरता की पोल भी खोल रहा है।



