
उत्तरकाशी। थाना मोरी पुलिस ने अवैध चरस तस्करी के एक संगठित गिरोह के चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त तस्करों के कब्जे से 1 किलो 109 ग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.20 लाख रुपये है।
यह कार्रवाई उत्तरकाशी पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल के निर्देशन में, पुलिस उपाधीक्षक बडकोट देवेन्द्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण तथा थाना मोरी के थानाध्यक्ष मोहन कठैत के नेतृत्व में 13 अक्टूबर 2025 को मोरी, बिंगसारी बैंड के पास की गई चेकिंग के दौरान हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शहनवाज आलम (35 वर्ष) निवासी ग्राम सांपला खत्री थाना देववन्द, सहारनपुर उत्तर प्रदेश, मो0 जावेद (36 वर्ष) निवासी म0नं0 1507 चांदतारे वाली गली निरंजनपुर, देहरादून, सावेज (30 वर्ष) निवासी तलहेडी बुजुर्ग थाना देववन्द, सहारनपुर उत्तर प्रदेश (पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका), जितेन्द्र कुमार (33 वर्ष) निवासी डिग्गी ढस्का थाना ननौता सहारनपुर उत्तर प्रदेश शामिल है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहाड़ी क्षेत्र से चरस इकट्ठा कर देहरादून व आस-पास के क्षेत्रों में सप्लाई करते हैं। यह गिरोह दो गाड़ियों का इस्तेमाल करता है, जिसमें एक गाड़ी आगे जाकर रैकी करती है और दूसरी में चरस की तस्करी की जाती है। इस बार भी वे चरस लेकर देहरादून जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता और मुखबिर तंत्र ने उनकी योजना विफल कर दी।



