अपराधदेहरादून

रायपुर फायरिंग का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में चली गोलियां, दो लोग हुए थे घायल; मुख्य आरोपी की तलाश जारी

देहरादून: रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और आपसी रंजिश मुख्य कारण थी। घटना में चली गोलियों से दो लोग घायल हुए थे।

एसएसपी देहरादून के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का अनावरण किया। पुलिस के अनुसार 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े युवकों पर कुछ हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। फायरिंग में नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी थी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के संबंध में बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूड़ी की शिकायत पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान घायल कमेंद्र शर्मा से मिली जानकारी के आधार पर बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 जुलाई को थानो रोड क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार उर्फ छोटू (27), सन्नी कुमार (24) और आदर्श सिंह (19) शामिल हैं। तीनों मूल रूप से बिजनौर जनपद के निवासी हैं और वर्तमान में देहरादून में रह रहे थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान का कुछ समय पहले बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान कमेंद्र शर्मा और उसके साथियों से विवाद हुआ था। उसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच लगातार फोन पर गाली-गलौज और धमकियों का सिलसिला जारी था। इसी रंजिश के चलते 6 नंबर पुलिया क्षेत्र में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर फायरिंग हुई, जिसमें कमेंद्र शर्मा और नवीन राणा घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार घटना में शामिल मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस की कई टीमें उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। दून पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियारों और अन्य साक्ष्यों को लेकर भी जांच आगे बढ़ा रही है। रायपुर फायरिंग कांड का खुलासा होने के बाद पुलिस ने इसे संगठित कार्रवाई और त्वरित जांच का परिणाम बताया है। वहीं एसएसपी देहरादून की रणनीति और गठित टीमों की सक्रियता से घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है।

Show More

Related Articles