
देहरादून: एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विदेशी करेंसी, ज्वैलरी, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को लेन नंबर-1, भंडारी चौक निवासी सीता कुकरेती ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर विदेशी करेंसी, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 जुलाई की रात मोथरोवाला पुल के पास सपेरा बस्ती क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निसार अली उर्फ लोटा उर्फ मनीष (27) निवासी आजाद कॉलोनी, आईएसबीटी और नासिर उर्फ निन्ना (41) निवासी सहारनपुर, हाल निवासी आजाद कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन के समय अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद घरों की रेकी करते थे और रात में मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इंडोनेशियन करेंसी, चांदी की पायल, बिछुए, ताबीज, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, 1700 रुपये नकद, लेडीज पर्स सहित चोरी का सामान बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे की रॉड, पेचकस, टॉर्च, चाकू, कटर, प्लास और अन्य औजार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है।



