डोईवाला से लापता हुए बच्चों को पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर किया बरामद
6 घंटे में हरिद्वार से सकुशल मिले 6 नाबालिग बच्चे

देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र से बुधवार को लापता हुए 6 नाबालिग बच्चों को दून पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर हरिद्वार रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और उत्तराखण्ड पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल कोतवाली डोईवाला में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। सभी बच्चे 12 से 15 वर्ष आयु वर्ग के थे और लालतप्पड़ स्थित एक विद्यालय में कक्षा 7 और 8 के छात्र बताए गए हैं।
बच्चों के स्कूल से घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 6 मई 2026 की शाम पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्कूल और आसपास के रास्तों पर लगे 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ, आसपास के थानों को सूचना और सोशल मीडिया पर बच्चों की तस्वीरें प्रसारित कर खोज अभियान चलाया गया।
लगातार प्रयासों के बाद देर रात सभी बच्चे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर मिले, जहां से उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हरिद्वार घूमने की बनाई थी योजना
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्होंने मिलकर हरिद्वार घूमने की योजना बनाई थी। सभी बच्चे स्कूल जाते समय अपने बैग में अतिरिक्त कपड़े लेकर गए थे।
स्कूल की छुट्टी के बाद सभी बच्चे बस से हरिद्वार पहुंचे और हरकी पैड़ी सहित कई स्थानों पर घूमे। रात अधिक होने और घर लौटने पर डांट पड़ने के डर से वे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंच गए, जहां वे किसी ट्रेन से आगे जाने की सोच रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने उन्हें खोजकर सुरक्षित बरामद कर लिया।
परिजनों ने जताया दून पुलिस का आभार
बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने दून पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस की अभिभावकों से विशेष अपील
अभिभावक बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार रखें ताकि बच्चे अपनी बातें और योजनाएं खुलकर साझा कर सकें।
बच्चे समय पर स्कूल से घर पहुंच रहे हैं या नहीं, इसकी नियमित निगरानी करें। स्कूल बैग में अतिरिक्त सामान होने पर कारण अवश्य पूछें।
समय-समय पर स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों से संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति और व्यवहार की जानकारी लेते रहें।
बच्चे सोशल मीडिया पर क्या देख रहे हैं और किन लोगों के संपर्क में हैं, इस पर विशेष सतर्कता बरतें।
यदि बच्चा लापता हो जाए या कोई संदिग्ध परिस्थिति हो तो बिना देर किए नजदीकी पुलिस स्टेशन या 112 नंबर पर संपर्क करें।



