देहरादून

मंत्री गणेश जोशी ने की क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों की समीक्षा

प्रदेश में पीएमजीएसवाई के तहत 89 सड़कें बंद, तेजी से बहाली के निर्देश

ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में भारी बारिश से प्रभावित ग्रामीण सड़कों और पुलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्ययोजना बनाकर अवरुद्ध सड़कों और क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था तत्काल बहाल हो सके।
अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान में प्रदेशभर में पीएमजीएसवाई के तहत कुल 89 सड़कें बंद हैं, जिनमें गढ़वाल मंडल में 70 और कुमाऊं मंडल में 19 सड़कें शामिल हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए गढ़वाल में 104 मशीनें और कुमाऊं में 63 जेसीबी मशीनें कार्यरत हैं।
मंत्री गणेश जोशी ने विशेष रूप से अपने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देशित किया कि अनारवाला–मालसी मार्ग, गाजियावाला, हल्दूवाला, घट्टीगोला में क्षतिग्रस्त पुल, किमाड़ी मोटर मार्ग व चामासारी क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्यों को तेजी से पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग इस्टीमेट तैयार कर शासन से शीघ्र स्वीकृति लें और पुनर्निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न हो। स्थानीय जनता को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत क्यारा–धनोल्टी मोटर मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बीते दिनों मसूरी–देहरादून मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल की जगह रिकॉर्ड समय में वैली ब्रिज तैयार करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शाबाशी दी।
इस समीक्षा बैठक में सीईओ यूआरआरडीए अभिषेक रोहिला, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता संजय कुमार पाठक, पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता रंजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, मंजीत रावत, भूपेंद्र कठेत सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles