देहरादून

रक्षाबंधन पर उत्तराखंड की महिलाओं को धामी सरकार की बड़ी सौगात, दो दिन रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

28 और 29 अगस्त को प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में नहीं देना होगा किराया, सरकार करेगी खर्च की प्रतिपूर्ति

देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड की महिलाओं के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में 100 प्रतिशत किराया छूट देने का निर्णय लिया है। यानी इन दोनों दिनों में महिलाएं प्रदेश के भीतर रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
इस संबंध में उत्तराखंड शासन की ओर से आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के मुताबिक 28 एवं 29 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के दौरान प्रदेश की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।
मायके जाने वाली महिलाओं को मिलेगी राहत
रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से महिलाओं को पर्व के दौरान आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही उन्हें सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के आवागमन को आसान बनाना और पर्व के दौरान उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
सरकार करेगी परिवहन निगम के खर्च की भरपाई
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर जो अतिरिक्त व्ययभार आएगा, उसकी प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी की ओर से जारी आदेश के बाद परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार के इस फैसले को महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में एक और कदम माना जा रहा है। रक्षाबंधन पर दो दिनों तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा से प्रदेशभर की महिलाओं को पर्व के दौरान अपने परिवार और मायके तक पहुंचने में सीधी राहत मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles