देहरादून
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का सीएचसी रायपुर पर औचक निरीक्षण
मरीजों से की बातचीत, साफ-सफाई और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

देहरादून | संवाददाता
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक ड्यूटी पर उपस्थित मिले, जिस पर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल पहुंचते ही सबसे पहले पर्चा काउंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, वार्ड, इमरजेंसी वार्ड तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शुक्रवार को संचालित ईसीजी ओपीडी का भी अवलोकन किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अस्पतालों में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदने की आवश्यकता न पड़े। मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरा अस्पताल मरीजों के स्वास्थ्य और उपचार प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने सीएचसी रायपुर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नए भवन के तैयार होने के बाद क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा और अस्पताल की कार्यक्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, आवश्यक जांच और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।



