देहरादून

देहरादून में भव्य रूप से मनाया जाएगा कारगिल विजय दिवस, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शहीद परिवारों का सम्मान

26 जुलाई को गांधी पार्क में होगा मुख्य आयोजन, वीर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और माताओं को किया जाएगा सम्मानित

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इस वर्ष कारगिल विजय दिवस को ‘शौर्य दिवस’ के रूप में भव्य और गरिमामयी तरीके से मनाया जाएगा। 26 जुलाई को गांधी पार्क में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और माताओं को सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

शौर्य दिवस के अवसर पर पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल बनाने की तैयारी की जा रही है। संस्कृति विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 25 जुलाई की शाम 5 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाए। वहीं मुख्य समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और राष्ट्रभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

युवा पीढ़ी को देशभक्ति और शौर्य की प्रेरणा देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग को स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जूनियर वर्ग के छात्रों के लिए पेंटिंग और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेताओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। बैठक में सैनिक कल्याण और परिवहन विभाग को शहीदों के आश्रितों, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों के लिए आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को गांधी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा मोबाइल शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

सैनिक कल्याण विभाग को कार्यक्रम स्थल पर वॉटरप्रूफ टेंट, मंच, बैरिकेडिंग, वीआईपी बैठक व्यवस्था, सजावट और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस और ट्रैफिक विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा पार्किंग प्रबंधन के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया है।

सैनिक कल्याण विभाग को राज्यसभा और लोकसभा सांसदों, क्षेत्रीय विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश फस्वार्ण, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एस.के. साहिनी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट, एआरटीओ रत्नाकर सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles