नियमितीकरण को एनएचएम कर्मचारियों ने किया सचिवालय कूच

देहरादून,
नियमितीकरण किये जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के बैनर तले जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर रैली निकालकर सचिवालय कूच किया तो पुलिस ने सुभाष रोड़ पर बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया और पुलिस द्वारा रोके जाने पर सभी वहीं धरने पर बैठ गये।
यहां परेड ग्राउंड के पास स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सुनील भंडारी के नेतृत्व में सभी कर्मचारी इकटठा हुए और वहां से नियमितीकरण किये जाने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर रैली निकालकर सचिवालय कूच किया तो पुलिस ने सुभाष रोड़ पर बैरीकैडिंग लगाकर सभी को रोक लिया और पुलिस द्वारा रोके जाने पर सभी वहीं धरने पर बैठ गये और राज्य सरकार व स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील भंडारी ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत वर्ष 2005 से विभिन्न कार्यक्रमों में अल्प मानेदय पर कार्यालयध्चिकित्सालय में संविदा के आधार पर नियुक्त किए गए है जिनकी अद्यतन संख्या पांच हजार है। उन्होंने कहा कि विगत एक दशक से कार्मिकों की नियमितीकरण अन्य राज्यों की भांति नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा सुरक्षा, समान कार्य समान वेतन हेतु गांधीवादी विचारों के तहत विभिन्न मंचों पर अपनी समस्याओं के निराकरण की गुहार लगाता आ रहा है लेकिन अत्यन्त संवेदनशील पर्वतीय राज्य उत्तराखण्ड के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन उत्तराखंड की न्यायोचित मांग पर गम्भीरता पूर्वक विचार न किया जाना सभी संविदा कर्मियों के लिए यक्ष प्रश्न है।
इस अवसर पर वर्ष 2005 से राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के उद्भव से आज की तिथि तक उत्तराखण्ड के विषम भौगोलिक परिस्थतियों वाले राज्यों में संविदा कर्मचारियों के अथक प्रयास से स्वास्थ्य सूचकांको में उत्तरोत्तर वृद्धि देखी गई है। ज्ञापन में कहा गया कि यद्यपि स्वास्थ्य में निरन्तर प्रयासों की आवश्यकता होती है और जिस हेतु भारत सरकार द्वारा समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन स्वास्थ्य संर्वधन के लिए नवाचार किया जा रहा है एवं उस हेतु नए मानव संसाधन की नियुक्ति की जा रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मणिपुर राज्यों ने एनएचएम कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन देकर एवं राजस्थान, मणिपुर राज्य द्वारा नियमितीकरण कर लाभ प्रदान कर दिया गया है, लेकिन उत्तराखंड राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्मिकों के नियमितीकरण के लिए कोई भी नियमावली नहीं बनाई गई है और जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस अवसर पर संगठन के बडी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं एनएचएम कर्मचारी उपस्थित रहे।



