नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 का काउंटडाउन शुरू, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी
सीएम आवास से काउंटडाउन रन का शुभारंभ

पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास से “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया।मुख्यमंत्री ने आगामी 31 मई 2026 को आयोजित होने वाले नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के शुभारंभ अवसर पर “क्यालु-हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह यह साबित करता है कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा मौजूद है। उन्होंने कहा कि आज यहां गूंज रहे युवाओं के कदम आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेंगे। यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगी।
सीएम धामी ने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ने के लिए बुलंद हौसला, हिमालय जैसा अडिग विश्वास और चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस जरूरी है।
उन्होंने प्रतिभागियों को देवभूमि उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि उत्तराखंड अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ता नया उत्तराखंड बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महाआयोजन के लिए देश के 27 राज्यों और 2 अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने इसे युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स और फिटनेस के बढ़ते आकर्षण का प्रमाण बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “फिट इंडिया मूवमेंट”, “खेलो इंडिया” और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों के जरिए खेल और फिटनेस को जनआंदोलन बनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ इस दौड़ में हिस्सा लें तथा सुरक्षित रूप से इसे पूरा कर 31 मई को नीति घाटी में नया इतिहास रचें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।



