मुख्यमंत्री धामी ने 60 प्रतिशत डीए और ₹50 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के कार्मिकों और पेंशनरों को बड़ा राहत देते हुए महंगाई भत्ते में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की तर्ज पर 1 जनवरी 2026 से महंगाई भत्ते की वर्तमान दर 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इस निर्णय से राज्य सरकार के हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों में आवासीय और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए करीब ₹50 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। जनपद चम्पावत के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप-2 के छह आवासों और चाहरदीवारी निर्माण के लिए ₹3.13 करोड़ की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा थाना रीठासाहिब में टाइप-2 के छह और टाइप-3 के एक आवास के निर्माण के लिए ₹3.47 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
जनपद नैनीताल के फायर स्टेशन हल्द्वानी में कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं के विस्तार को मंजूरी दी गई है। यहां टाइप-2 के 64, टाइप-3 के 8 और टाइप-4 के 4 आवासों के निर्माण हेतु ₹36.64 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।



