सीवर व गंदे पानी की समस्याओं का समाधान न होने पर करेंगें आंदोलन

संवाददाता देहरादून
राजपुर विधान सभा के अंतर्गत कई स्थानों पर सीवर लाईन एवं पानी की लाईने डाले जाने की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नेहरू कालोनी स्थित जल भवन में मुख्य महाप्रबंधक से मुलाकात करने पहंुचे लेकिन मुख्य महाप्रबंधक की अनुपस्थिति में महाप्रबंधक को समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा और जल्द ही सीवर व गंदे पानी की आपूर्ति रोके जाने पर शीघ्र ही कार्यवाही करने की मांग दोहराई।
यहां पूर्व विधायक राजकुमार के नतृत्व में कांग्रेसजनों ने मुख्य महाप्रबंधक को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि राजपुर विधान सभा के अंतर्गत खुडबुडा मौहल्ला, कांवली रोड, इन्द्रेश नगर, शिवाजी मार्ग आदि क्षेत्रों में कई स्थानों पर सीवर डालने का कार्य किये जाने की जरूरत है क्योंकि यहां पर सीवर लाईन न होने से लोगों का सीवर का गंदा पानी नालियों में बह रहा है और नाली में पानी का पाईप फटा हुआ है जिससे लोगों के घरों में गन्दा पानी चल रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि खुडबुडा मौहल्ला के सरकारी शौचालय के पास, मजारवाली गली, गुरूनानक पब्लिक इंटर कालेज चुक्खूवाला के पीछे वाली गली में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत आ रही है और इसी प्रकार कुम्हार मौहल्ला के आसपास भी गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है और इस पर तत्काल कार्यवाही किये जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर ज्ञापन में कहा गया कि डालनवाला क्षेत्र में संजय कालोनी, मोहनी रोड, इन्दर रोड, बलबीर रोड आदि क्षेत्रों में सीवर के ढक्कन के ऊपर गंदा चल रहा है और इसी के साथ न्यू रोड की आंतरिक गलियों में चैम्बर भर जाने की शिकायतें आ रही है और इन सभी क्षेत्रों की सीवर व गंदे पानी की समस्या को शीघ्र ही हल किया जाये और वहीं दूसरी ओर सीवर व गंदे पानी की आपूर्ति से होने वाली बीमारियों से क्षेत्रवासियों को बीमारियों से बचाया जा सके। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने शीघ्र ही उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।



