सेवा भारती के सेवा कार्यों से बदल रहा समाज का दृष्टिकोण : डॉ. शैलेन्द्र

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तराखंड प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि समाज के उपेक्षित, वंचित और अभावग्रस्त वर्गों के उत्थान के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और स्वावलंबन के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।
सर्वे चौक स्थित आईआरडी सभागार में आयोजित सेवा भारती देहरादून महानगर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि सेवा और संवेदना के कार्यों से समाज की सोच बदलती है तथा सकारात्मक वातावरण तैयार होता है। उन्होंने घुमंतू समाज, झुग्गी-बस्तियों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर सेवा कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सुरेखा डंगवाल ने कहा कि भारतीय समाज की सबसे बड़ी विशेषता सामूहिक चेतना और सेवा भाव है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति परिवार और सामाजिक रिश्तों को महत्व देती है तथा सेवा का भाव हमारे संस्कारों में शामिल है।
इस दौरान बताया गया कि सेवा भारती वर्तमान में 84 बस्तियों में 109 सेवा केंद्र संचालित कर रही है, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। मंच संचालन सुनीता पाण्डेय और ऋतु सिंघल ने किया।


