देहरादून

 देहरादून के 32 केंद्रों पर होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा

निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन ने कसी कमर

देहरादून  ,
जनपद देहरादून में 24 मई 2026 को आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 12,545 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। इसके तहत जैमर, सीसीटीवी कैमरे, फेस ऑथेंटिकेशन एप और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन जांच करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों को परीक्षा से एक दिन पूर्व पूर्ण रूप से सैनिटाइज करने के निर्देश भी जारी किए हैं। इसके अलावा सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल नंबर संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराने और परीक्षा अवधि के दौरान मोबाइल फोन सक्रिय रखने को कहा गया है ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित समन्वय किया जा सके।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी।
* पहली पाली : सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक
* दूसरी पाली : दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट निर्धारित समय पर कोषागार के डबल लॉकर से निकाले जाएंगे। प्रथम पाली के प्रश्नपत्र सुबह 7 बजे तथा द्वितीय पाली के प्रश्नपत्र सुबह 11 बजे संबंधित केंद्रों के लिए रवाना किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, निगरानी व्यवस्था और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिटी प्रवीण कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी और अपर्णा ढौंडियाल सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles