देर रात भीषण सड़क हादसे में क्लीनिक बंद करके घर जा रहे डाक्टर की दर्दनाक मौत

रुद्रपुर। दिनेशपुर क्षेत्र में गुरूवार देर रात क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे एक डॉक्टर को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयावह था कि डॉक्टर का शव कई हिस्सों में बिखर गया। मौके पर पहंुची पुलिस ने ट्राला को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया था। जिसकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 46 वर्षीय डॉक्टर मंटू चंद्र राय की जाफरपुर के लंबाखेड़ा क्षेत्र में क्लीनिक था। देर रात क्लीनिक बंद कर वह अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-74 पर दिनेशपुर कट के पास गदरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला की रफ्तार काफी तेज थी.। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े और ट्राला उन्हें करीब 300 से 400 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसा इतना भयावह था कि मृतक का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और सड़क पर कई हिस्सों में बिखर गया। घटना देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना दिनेशपुर के थाना अध्यक्ष रविंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं रुद्रपुर कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस की सहायता से शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसआई रूद्रपुर कोतवाली अनिल जोशी ने बताया कि हादसे में शामिल ट्राले को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया था जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।



