सड़क-नालियों में गोबर फेंकने वालों पर सख्ती, नगर निगम ने कसा शिकंजा
गोबर निस्तारण को लेकर चलाया विशेष अभियान, 43 डेयरियों से हो रहा निशुल्क गोबर संग्रह

देहरादून: महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देश पर नगर निगम देहरादून का पशुचिकित्सा अनुभाग शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए डेयरियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चला रहा है। अभियान के तहत डेयरी संचालकों को गोबर के वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है और निशुल्क गोबर संग्रह की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
नगर निगम के अनुसार वर्तमान में 43 डेयरियों से निशुल्क गोबर संग्रह कर ट्रॉलियों के माध्यम से शंकरपुर गौसदन स्थित प्लांट तक पहुंचाया जा रहा है। निगम ने डेयरी संचालकों से अपील की है कि वे गोबर को नालियों, सड़कों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पशुचिकित्सा अनुभाग द्वारा 4, 6 और 7 जुलाई 2026 को चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान 6 डेयरियों पर कुल ₹97,500 का चालान कर अर्थदंड वसूला गया। इसके अलावा 6 अन्य डेयरियों को नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किए गए।
अभियान के दौरान चंद्रमणी रोड और सेवला कला क्षेत्र की दो डेयरियों का पंजीकरण भी किया गया। इन डेयरियों में कुल 25 डेयरी पशुओं का पंजीकरण कर नगर निगम को ₹12,500 का राजस्व प्राप्त हुआ। नगर निगम ने बताया कि करनपुर निवासी डेयरी संचालक राकेश पाल द्वारा ₹40,000 का चालान जमा नहीं किया गया है। इसके चलते उनके खिलाफ भू-राजस्व अधिनियम के तहत वसूली की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी और तहसील प्रशासन को पत्र भेजा गया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि डेयरियों के नियमित निरीक्षण, पंजीकरण, गोबर संग्रह और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यह अभियान नगर निगम के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। उनकी टीम शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और डेयरियों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार निरीक्षण और कार्रवाई कर रही है।


