देहरादून

अतिथि देवो भव: के मूल मंत्र को चरितार्थ करती दून पुलिस

चारधाम यात्रा पर आए बुजुर्ग यात्री का खोया बैग लौटाकर पेश की ईमानदारी और संवेदनशीलता की मिसाल

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान एक बार फिर उत्तराखंड पुलिस ने अपनी संवेदनशील कार्यशैली और तत्परता से “अतिथि देवो भव:” की भावना को साकार किया है। दून पुलिस ने त्रिवेणी घाट क्षेत्र में खोए हुए एक बुजुर्ग यात्री के कीमती सामान से भरे बैग को खोजकर सुरक्षित वापस सौंपा, जिसके बाद यात्री ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस को आज 17 मई 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि दिनेश बेलजी पवानी पुत्र स्वर्गीय वेलजी अर्जन पवानी, उम्र 74 वर्ष, मूल निवासी भुज कच्छ गुजरात एवं वर्तमान निवासी मस्कट, ओमान का बैग त्रिवेणी घाट क्षेत्र में कहीं खो गया है।
बताया गया कि बैग में कीमती ज्वेलरी, नकद धनराशि तथा जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए त्रिवेणी घाट क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने अल्प समय में ही खोया हुआ बैग बरामद कर लिया।
बैग को सुरक्षित तरीके से बुजुर्ग यात्री के सुपुर्द किया गया। बैग की जांच करने पर उसमें रखा पूरा कीमती सामान सुरक्षित मिला।
अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर दिनेश बेलजी पवानी ने खुशी जाहिर करते हुए उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्यवाही और ईमानदार कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने दून पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही है।
चारधाम यात्रा के दौरान दून पुलिस की यह पहल न केवल पर्यटकों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा रही है, बल्कि राज्य पुलिस की सकारात्मक और मानवीय छवि को भी मजबूत कर रही है।

Show More

Related Articles