स्कूल से लौटते समय लापता हुईं 3 छात्राएं, रुद्रपुर में हड़कंप
छुट्टी के बाद अचानक गायब हुईं तीनों बच्चियां

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चियां बिना किसी को बताए कहीं चली गईं, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने ट्रांजिट कैंप थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 22 मई की सुबह अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल गई थी। तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती हैं।
बताया गया कि स्कूल की छुट्टी सुबह करीब 11 बजे हुई थी, लेकिन उसके बाद तीनों छात्राएं घर वापस नहीं पहुंचीं। जब काफी देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के संभावित स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने अपने स्तर पर हर संभव प्रयास किया, लेकिन बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजन ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
लापता छात्राओं में एक की उम्र 14 वर्ष, दूसरी की 13 वर्ष और तीसरी की 11 वर्ष बताई गई है। तीनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम रंग की पैंट शामिल है।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संभावित स्थानों पर पुलिस टीमें भेजकर छात्राओं की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचना दें, ताकि बच्चियों को सकुशल बरामद किया जा सके।


