उत्तराखण्ड

चार मई को खुलेंगे विश्व प्रसिद्ध भगवान बदरीनाथ के कपाट 

देहरादून। वसंत पंचमी पर श्री गणेश पूजन के साथ विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि घोषित कर दी गई है। शुभ लग्न के अनुसार मंदिर के कपाट आगामी चार मई को सुबह छह बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

इस अवसर पर भगवान बदरी विशाल के महाभिषेक के लिए तिलों का तेल 22 अप्रैल को पिरोया जाएगा और उसी दिन राज दरबार से गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा शुरु होगी। इसके साथ ही चारधाम यात्रा के भी विधिवत शुरुआत हो जाएगी। यहां नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में वंसत पंचमी पर राज पुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने गणेश, पंचांग और चौकी पूजन के बाद महाराजा मनुज्येंद्र शाह की जन्म कुंडली का अध्ययन और ग्रह नक्षत्रों की दशा देखकर भगवान बदरीनाथ मंदिर के कपाट खोलने की तिथि घोषित की।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि भगवान बदरी विशाल के महाभिषेक के लिए स्थानीय सुहागिन महिलाएं महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह के नेतृत्व में 22 अप्रैल को राजदरबार में तिलों का तेल निकालेंगी। उन्होंने बताया कि उसके बाद गाडू घड़ा यात्रा को लेकर डिम्मर पंचायत के लोग अपने गंतव्य को प्रस्थान करेंगे। इस बीच यात्रा ऋषिकेश, श्रीनगर गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, डिम्मर गांव और पांडुकेश्वर आदि स्थानों पर प्रवास करने के बाद तीनमई को बदरीनाथ धाम पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि आगामी चार मई को तिलों के तेल से भगवान बदरी विशाल के महाभिषेक के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर धाम के कपाट खोलने की तिथि तय किए जाने के मौके पर महाराजा मनुज्येंद्र शाह, महारानी व टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, बद्रीनाथ के रावल अमरनाथ नंबूदरी, महाराजा की पुत्री राजकुमारी, सीईओ विजय थपलियाल, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, डिमरी धार्मिक पंचायत के प्रतिनिधि आशुतोष डिमरी आदि उपस्थित रहे।

  uttarakhand-van-vikas-nigam-auction  
Show More

Related Articles